गुमला

पालकोट : ‘सड़क दो, विकास दो’… बिलिंगबिरा के लिए पंसस ने उठाई आवाज, देखें वीडियो

पालकोट प्रखंड की अति सुदूर एवं जंगलों से घिरी बिलिंगबिरा की पंचायत समिति सदस्य (पंसस) बासमति देवी ने क्षेत्र में सुगम आवागमन के लिये पथ निर्माण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सचिव सुनील कुमार श्रीवास्तव से मुलाकात की और आवेदन सौंपा. इसके अलावा उन्होंने गुमला उपायुक्त और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विजय उरांव से भी मिलकर ग्रामीणों की इस विकट समस्या से अवगत कराया.

बता दें कि बिलिंगबिरा पंचायत मुख्यालय से 17 किलोमीटर दूर जंगलों में स्थित है, जहां विकास की मूलभूत योजनाएं अब तक नहीं पहुंच सकी हैं. पंसस बासमती देवी और उनके पति दोनों दिव्यांग हैं. वे अपने दोपहिया वाहन से पंचायत के विकास और योजनाओं की मांग को लेकर राजधानी रांची तक का सफर तय करते हैं. उन्होंने अब तक राज्य के मुखिया से लेकर जिला व प्रखंड अधिकारियों को तीन दर्जन से अधिक आवेदन दिये हैं. बासमती देवी ने बताया कि पालकोट बाजार डांड़ से सिमडेगा जाने वाली पक्की सड़क के मार्ग में खोयनारडांड़ से बिलिंगबिरा तक सात किलोमीटर लंबा डोटी घाट पड़ता है. वन प्राणी आश्रयणी क्षेत्र होने के कारण सड़क निर्माण रुका था, लेकिन एनओसी मिलने के बावजूद आज तक धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ.

पंसस का कहना है कि जब भी वे अधिकारियों से मिलती हैं, तो बजट न होने की बात कहकर टाल दिया जाता है. अंत में उन्होंने जनहित की इस समस्या के समाधान के लिये मीडिया का सहारा लिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *