गुमला

घाघरा : मसरिया मोड़ का बदला नाम, अब ‘शिबू सोरेन चौक’ के नाम से होगी पहचान

झारखंड आंदोलन मोर्चा गुमला जिला समिति के तत्वावधान में घाघरा प्रखंड के मसरिया मोड़ चौक के समीप पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि मनायी गयी. कार्यक्रम का शुभारंभ जिला मुख्य संयोजक मनोज कुमार भगत द्वारा स्व शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया. उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण में शिबू सोरेन का योगदान अविस्मरणीय है. उनके सम्मान एवं स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से आज मसरिया मोड़ का नामकरण “झारखंड निर्माता सह झारखंड आंदोलनकारी, पूर्व मुख्यमंत्री झारखंड सरकार, दिशुम गुरु स्व शिबू सोरेन चौक” किया गया.

इस अवसर पर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर “दिशुम गुरु स्व शिबू सोरेन चौक” नाम का साइनबोर्ड भी स्थापित किया गया. कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में झारखंड आंदोलनकारी, स्थानीय मुखिया, ग्रामीण एवं झारखंड सरकार के कल्याण मंत्री के प्रतिनिधि उपस्थित रहे. सभी उपस्थित आंदोलनकारियों ने एक स्वर में जिला प्रशासन एवं झारखंड सरकार से मांग की कि मसारिया मोड़ का आधिकारिक नाम “दिशुम गुरु स्व. शिबू सोरेन चौक” घोषित करते हुए शीघ्र अधिसूचना जारी की जाये. इस संबंध में निर्णय लिया गया कि इस मांग को लेकर शीघ्र ही जिला स्तरीय बैठक आयोजित की जायेगी. आगे की रणनीति तय कर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जायेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *