गुमला

सुब्रतो कप में गुमला की बेटियों का जलवा, तीसरे लीग मैच में भी शानदार प्रदर्शन

नई दिल्ली में आयोजित हो रहे 65वीं सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप के अंडर-17 बालिका वर्ग में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही संत पैट्रिक स्कूल, गुमला की प्रतिभाशाली बेटियों ने अपने शानदार खेल का सिलसिला जारी रखते हुए लीग के तीसरे मुकाबले में त्रिपुरा की टीम को 3-1 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की. गुमला की इन बेटियों की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और उत्साह की लहर है. ये बच्चियां आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, इनडोर स्टेडियम, गुमला में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं. कठिन परिश्रम, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और मैदान पर शानदार तालमेल का परिणाम राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट में लगातार देखने को मिल रहा है.

वीना कुमारी के लगातार दो गोल, सबरनी ने दागा तीसरा गोल

त्रिपुरा के खिलाफ मुकाबले में झारखंड की बेटियों ने शुरुआत से ही आक्रामक और आत्मविश्वासपूर्ण खेल का प्रदर्शन किया. वीना कुमारी ने लगातार दो गोल दागकर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई. इसके बाद सबरनी कुमारी ने तीसरा गोल कर झारखंड की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी. त्रिपुरा की टीम ने वापसी की कोशिश करते हुए एक गोल जरूर किया, लेकिन गुमला की बेटियों की मजबूत रक्षापंक्ति और शानदार टीमवर्क के सामने वह ज्यादा प्रभाव नहीं डाल सकी. अंततः झारखंड ने मुकाबला 3-1 से अपने नाम कर लिया.

यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि राष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर गुमला की बेटियां न केवल झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, बल्कि गुमला की उभरती फुटबॉल प्रतिभा और ग्रामीण आदिवासी क्षेत्र की बेटियों की खेल क्षमता को देश के सामने प्रस्तुत कर रही हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *