गुमला

आधार-पैन की जानकारी मांगने वाला अंजान युवक, पंचायत में मचा हड़कंप; मुखिया ने लोगों को किया सतर्क

गुमला के वृंदा पंचायत क्षेत्र में एक अंजान युवक द्वारा युवाओं से आधार कार्ड और पैन कार्ड से संबंधित जानकारी मांगने तथा बाद में मुखिया से एक फॉर्म पर हस्ताक्षर कराने का दबाव बनाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पंचायत में लोगों के बीच चिंता का माहौल है. मामले को लेकर मुखिया सत्यवती देवी ने पंचायतवासियों से सतर्क रहने और किसी भी अंजान व्यक्ति को निजी दस्तावेज या व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है.

मुखिया सत्यवती देवी ने बताया कि एक अंजान युवक पंचायत में आया और गांव के युवाओं से आधार कार्ड व पैन कार्ड के नंबर मांगे. इसके बाद वह कुछ युवाओं के साथ उनके आवास पर पहुंचा और एक फॉर्म पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाने लगा. युवक ने बताया कि युवाओं को खेल से जोड़ने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया की जा रही है. संदेह होने पर मुखिया ने दूसरे पंचायत के मुखिया से इसकी जानकारी ली, लेकिन उन्हें भी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं थी. इसके बाद मुखिया ने गुमला के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से फोन पर जानकारी ली.

बीडीओ ने भी ऐसी किसी योजना या प्रक्रिया की जानकारी होने से इनकार करते हुए पंचायत के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी. युवक द्वारा उपायुक्त (डीसी) की अनुशंसा का हवाला दिये जाने पर मुखिया ने उपायुक्त से भी फोन पर संपर्क किया. उपायुक्त ने भी इस संबंध में किसी प्रकार की जानकारी होने से इनकार किया.

मुखिया सत्यवती देवी ने कहा कि पूरे मामले को देखते हुए लोगों को सावधान रहने की जरूरत है. उन्होंने अपील की कि किसी भी अंजान व्यक्ति को आधार, पैन, बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी या अन्य निजी दस्तावेज उपलब्ध न कराएं. किसी विभाग या सरकारी योजना के नाम पर संपर्क किये जाने पर पहले संबंधित विभाग से इसकी पुष्टि करें. उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर लोगों से महत्वपूर्ण जानकारी हासिल कर सकते हैं. इसलिए किसी भी कार्य से पहले उसकी पूरी जानकारी और सत्यता की जांच अवश्य करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *