गुमला

नशाखोरी और चोरी के खिलाफ लामबंद हुए ग्रामीण, गांव में बनाई मुस्तैद रणनीति

गुमला शहर से सटे खोरा पतराटोली गांव में ग्रामीणों की बैठक हुई. गांव में बढ़ती नशाखोरी और चोरी की समस्या से चिंतित ग्रामीणों ने इस पर रोक लगाने का निर्णय लिया है. साथ ही इसकी मांग को लेकर पुलिस प्रशासन का ध्यान भी आकृष्ट कराया है. इस संबंध में समाजसेवी दिनेश साहू ने कहा है कि थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर नशे के कारोबार और सेवन पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गयी है. गांव में में नशे का प्रचलन लगातार बढ़ रहा है. विशेष रूप से युवा वर्ग इसकी चपेट में आ रहे है. नशे के कारण युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है तथा सामाजिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि नशे की लत के कारण कई परिवार परेशान हैं और अपराध की घटनाओं में भी बढ़ोतरी की आशंका बनी रहती है.

ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री और अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे. साथ ही नशे का सेवन करने वाले युवाओं को जागरूक कर उन्हें इससे दूर करने के लिए अभियान चलाया जाये. ग्रामीणों ने पुलिस से नियमित रूप से गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की भी मांग की है. दिनेश साहू ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस के साथ आम लोगों की सहभागिता भी जरूरी है. ग्रामीण नशे के खिलाफ अभियान में प्रशासन का सहयोग करने के लिए तैयार हैं. उनका कहना है कि समय रहते नशाखोरी पर अंकुश नहीं लगाया गया तो इसका असर आने वाली पीढ़ी पर गंभीर रूप से पड़ सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *