गुमला में विहिप स्थापना दिवस की तैयारी तेज, बैठक में संगठन विस्तार से लेकर कार्यक्रमों की बनी रणनीति
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) व बजरंग दल गुमला के तत्वावधान में श्री गणेश मंदिर करमटोली, गुमला नगर में विभाग संगठन मंत्री विजय यादव का परिचय सत्र आयोजित किया गया. बैठक दोपहर एक बजे से शुरू हुई. इसमें जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक की शुरुआत तीन बार ॐ उच्चारण, एकात्म श्लोक एवं विजय महामंत्र के साथ हुई. परिचय सत्र के बाद विभाग संगठन मंत्री विजय यादव ने संगठन के कार्यों, प्रखंड समितियों की गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर पदाधिकारियों के साथ चर्चा की.
उन्होंने कहा कि 4 से 12 सितंबर तक विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस मनाया जायेगा. विहिप की जहां-जहां समितियां गठित है. वहां स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. उन्होंने कहा कि प्रत्येक सनातनी को विश्व हिंदू परिषद की स्थापना कब, क्यों और किस उद्देश्य से हुई. इसकी जानकारी होनी चाहिए. साथ ही समाज के लिए संगठन द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचायी जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि जब समाज संगठन के उद्देश्य और कार्यों से अवगत होगा, तभी अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ेंगे.
बैठक में संगठन के विस्तार, प्रखंड समितियों को सक्रिय करने तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया. इस अवसर पर बजरंग दल जिला संयोजक संतोष यादव, जिला सह संयोजक अरविंद लोहरा, विश्व हिंदू परिषद धर्म प्रसार प्रमुख विजय पन्ना, जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख अमित कुमार तथा प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
