गुमला

2 ग्राम ब्राउन शुगर और दो युवक… पुलिस की दबिश में खुला नशे का खेल

गुमला शहर में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ गुमला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमृत नगर टोंगरी के समीप से दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के पास से दो ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है. गिरफ्तार दोनों आरोपितों को सोमवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. गिरफ्तार आरोपितों में लोहरदगा रोड निवासी अमित कुमार साव (22 वर्ष) और अमृत नगर निवासी राहुल कुमार (25 वर्ष) है.

गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव व थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अमृत नगर टोंगरी के समीप दो युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनायी और टीम को मौके के लिए रवाना किया गया. अंचल अधिकारी हरिश कुमार की मौजूदगी में पुलिस टीम ने अमृत नगर टोंगरी के पास छापेमारी की. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवकों में हलचल मच गयी. पुलिस ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से दो ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया.

नशे के कारोबार पर पुलिस की नजर

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शहर और आसपास के इलाकों में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जायेगी.

छापेमारी टीम में ये रहे शामिल

छापेमारी अभियान में सीओ हरिश कुमार, थाना प्रभारी दिनेश कुमार, पुअनि विनय कुमार महतो, पुअनि धीरज कुमार सिंह समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाया गया था तथा इसकी खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका है या नहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *