खेल

गुमला में बारिश में बरसा फुटबॉल का रोमांच, रोमांचक फाइनल जीत ब्रदर एफसी ने अपने नाम किया जिला लीग का खिताब

गुमला शहर के चाहा मैदान में रविवार को बारिश के बीच खेले गये जिला फुटबॉल लीग के फाइनल मुकाबले में ब्रदर एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रेड आर्मी गुमला को पराजित कर खिताब पर कब्जा जमा लिया. बारिश के बावजूद मैच देखने के लिए मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा और पूरे मुकाबले के दौरान रोमांच बना रहा. खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शक लगातार तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाते रहे. फाइनल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद सुखदेव भगत मौजूद रहे.

उन्होंने कहा कि फुटबॉल गुमला की पहचान है और यहां के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. खेल के माध्यम से युवा न सिर्फ अपना भविष्य बना सकते हैं. बल्कि जिले और राज्य का नाम भी रोशन कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर मैदान, प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास होना चाहिए. जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना सिखाता है. गुमला में फुटबॉल के प्रति लोगों का जुनून यह साबित करता है कि यहां खेल प्रतिभाओं की मजबूत जमीन है. उन्होंने खिलाड़ियों से हार से निराश नहीं होने और लगातार मेहनत करते रहने की अपील की.

कांके सीओ अमित भगत, डीएसओ प्रवीण कुमार सहित अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे. संत इग्नासियुस हाई स्कूल के प्राचार्य फादर मनोहर खोया, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष रोहित उरांव, नगर अध्यक्ष जय सिंह, रफी अली, अमित एक्का, प्रदीप राम समेत जिला फुटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे. जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष रॉबर्ट टोप्पो ने कहा कि लीग के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना का परिचय दिया. बारिश के बीच फाइनल मुकाबले को सफल बनाने में खिलाड़ियों के साथ दर्शकों का उत्साह भी महत्वपूर्ण रहा.

उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है. फाइनल के बाद विजेता ब्रदर एफसी की टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया. मंच का संचालन व कॉमेंटेटर की भूमिका सजित पन्ना ने निभायी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *