गुमला

Video : जमीन के झगड़े में दो भाइयों की बेरहमी से पिटाई, खून से लथपथ हालत में मिले

गुमला थाना के वृंदा बरटोली में शनिवार को शाम जमीन-जगह के विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया. मारपीट में दो भाई घायल हो गये. एक घायल युवक किसी तरह जान बचाकर भागते हुए वृंदा नायकटोली पहुंचा और एक घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में लेट गया.

घायल युवक को देखकर घरवालों ने घटना के बारे में पूछताछ की. लेकिन वह इतनी गंभीर स्थिति में था कि ठीक से कुछ बता नहीं पा रहा था. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मुखिया को दी. सूचना मिलते ही मुखिया सत्यवती देवी मौके पर पहुंची और घायल का हालचाल जाना. इसके बाद गुमला थाना को घटना की जानकारी दी गयी.

सूचना पर उर्मी पुलिस पिकेट प्रभारी अम्पा हेंब्रम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पूछताछ में घायल युवक ने बताया कि उसके भाई और उसे दौड़ा-दौड़ाकर ईंट समेत अन्य सामान से पीटा गया है. उसने पुलिस से अपने भाई को बचाने की गुहार लगायी. इसके बाद पुलिस बरटोली स्थित घटनास्थल पहुंची और काफी खोजबीन के बाद दूसरे भाई को भी घायल अवस्था में बरामद किया. दोनों घायलों को मुखिया की मौजूदगी में उर्मी पिकेट प्रभारी अम्पा हेंब्रम के माध्यम से इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला भेजा गया.

घटना शाम करीब 7.00 बजे के बीच की बतायी जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना के वास्तविक कारण और मारपीट में शामिल लोगों की जानकारी अनुसंधान के बाद स्पष्ट हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *