Heavy Rain Alert: गुमला और लोहरदगा में आठ-नौ सितंबर को हो सकती है तेज बारिश
Heavy Rain Alert: झारखंड में अगले तीन दिनों के दौरान मौसम सक्रिय रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक होने का अनुमान जताया है. आठ-नौ सितंबर को कुछ स्थानों, विशेषकर पलामू प्रमंडल में, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कहीं-कहीं तेज बारिश भी हो सकती है.
राजधानी रांची में अगले तीन-चार दिनों तक मौसम में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, केवल कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास बने निम्न दबाव क्षेत्र को सक्रिय मान रहा है. इससे जुड़ा साइक्लोनिक सरकुलेशन समुद्र से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. अगले 24 घंटे में इसके उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ने की संभावना है.
मानसून ट्रफ भी सक्रिय है. पिछले 24 घंटे में राज्य में कहीं-कहीं गरज के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गयी. सबसे अधिक 14.4 मिमी बारिश अमरापाड़ा (पाकुड़) में हुई। इसके अलावा बोआरिजोर में 14.2, मेहरगामा में 12.4, पाकुड़िया में 10.2 और पथरगामा में 10.2 मिमी बारिश दर्ज की गयी.
मौसम विभाग के अनुसार सात सितंबर को भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है. आठ सितंबर को राज्य के अनेक हिस्सों में बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. नौ सितंबर को गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग और गुमला के कुछ स्थानों पर गरज, वज्रपात और तेज हवा चल सकती है.
उत्तर-पूर्वी झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जतायी गयी है. 10 से 12 सितंबर तक भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन का अनुमान है.
