गुमला

शादी का वादा कर युवती से संबंध, गर्भपात कराने का आरोप

शादी का वादा कर वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने पर कथित रूप से दवा खिलाकर गर्भपात कराने और बाद में विवाह के बाद जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है. गुमला जिले की एक महिला ने लोहरदगा निवासी मुकेश साहू के खिलाफ एसटी-एससी थाना में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है. महिला के आवेदन के अनुसार, वर्ष 2018 में वह अपने घर में अकेली थी. इसी दौरान लोहरदगा निवासी मुकेश साहू वहां पहुंचा और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया.

महिला का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपित लगातार शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा. इसी दौरान वह गर्भवती हो गयी. महिला का कहना है कि गर्भावस्था की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसे दवा खिलायी. जिसके बाद उसका गर्भपात हो गया. मामले को लेकर उसने लोहरदगा महिला थाना में शिकायत की.

महिला के मुताबिक, शिकायत के बाद आरोपी शादी के लिए तैयार हुआ और दोनों ने लोहरदगा कृषि बाजार प्रांगण स्थित मंदिर में विवाह किया. महिला का आरोप है कि विवाह के बाद भी उसकी परेशानी खत्म नहीं हुई. पति उसके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लगातार प्रताड़ित करता रहा. प्रताड़ना बढ़ने के बाद जून 2026 में वह अपने मायके चली आयी. महिला के अनुसार, करीब दो सप्ताह पहले वह गांव के कुछ लोगों के साथ अपने ससुराल पहुंची थी. आरोप है कि वहां भी उसके साथ जातिसूचक गाली-गलौज की गयी तथा जान से मारने की धमकी दी गयी. महिला ने एसटी-एससी थाना में आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है. पुलिस शिकायत में लगाये गये आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *