हाथियों के झुंड ने मचाया तांडव, अफरा-तफरी के बीच भागकर बचायी जान
रायडीह प्रखंड क्षेत्र के सिकोई पंचायत अंतर्गत तियनटोंगरी और तुरीडीह गांव में गत रविवार की रात दो जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों के अचानक हमले से दोनों गांवों में भारी अफरा-तफरी मच गयी.
एक ही रात में चार घरों को क्षतिग्रस्त किया : रविवार देर रात हाथियों ने सबसे पहले तियनटोंगरी गांव को निशाना बनाया और सीमरनाथ मुंडा, सीप्रियन कुजूर व जगा मुंडा के पक्के-कच्चे मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद हाथियों ने तुरीडीह गांव पहुंचकर वहां के निवासी बहुरा तुरी के मकान को भी तोड़ डाला.
जान बचाकर भागे ग्रामीण, घरों में रखा अनाज खाया : प्रभावित परिवारों ने बताया कि जिस वक्त हाथी मकानों को तोड़ रहे थे, वे सभी घर के अंदर सो रहे थे. अचानक मकान टूटने की आवाज सुनकर वे बुरी तरह सहम गये और किसी तरह अपनी जान बचाकर सुरक्षित स्थान की ओर भागे. हाथियों के जाने के बाद ग्रामीण वापस लौटे. ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों ने मकान तोड़ने के साथ ही घरों में रखा चावल, धान और अन्य सारा खाद्यान्न भी चट कर लिया.
वन विभाग की टीम रख रही नजर : घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हो गयी है. वनपाल चंद्रेश उरांव ने बताया कि सोमवार को दोनों जंगली हाथियों का लोकेशन परसा और लुरु गांव के बीच स्थित जंगल में मिला है. वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाये हुए है और आसपास के ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गयी है.
