कार्तिक उरांव कॉलेज में सीटों की कमी से बढ़ी परेशानी, एबीवीपी ने उठाई ये मांगें
गुमला जिले के विद्यार्थियों को बेहतर पढ़ाई का माहौल देने की मांग उठी है. इसको लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने कार्तिक उरांव कॉलेज, गुमला की प्राचार्या डॉ. सीमा कुमारी को ज्ञापन सौंपा. एबीवीपी ने कॉलेज में सीटें बढ़ाने की मांग की. साथ ही शिक्षकों की कमी दूर करने और कॉलेज की मूलभूत सुविधाएं बेहतर करने की मांग रखी. प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी की मौजूदगी में यह ज्ञापन सौंपा गया.
विभाग प्रमुख ज्योतिष राम के मार्गदर्शन में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों की समस्याएं प्राचार्या के सामने रखीं. जिला संयोजक सन्नी कुमार ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे थे. संगठन ने कहा कि गुमला और आसपास के गांवों के हजारों विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए स्थानीय कॉलेजों पर निर्भर हैं. ऐसे में विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से कॉलेज में पर्याप्त सीटें होनी चाहिए. सीटों की कमी के कारण किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए.
एबीवीपी ने कॉलेज में शिक्षकों की कमी को भी बड़ी समस्या बताया. संगठन ने खाली पदों को भरने और सभी विषयों में पर्याप्त शिक्षक नियुक्त करने की मांग की. संगठन का कहना है कि शिक्षकों की कमी का असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है. इससे उन्हें बेहतर शिक्षा नहीं मिल पा रही है.
ज्ञापन में कॉलेज की सुविधाएं सुधारने की भी मांग की गयी. इसमें साफ पेयजल और पर्याप्त शौचालय की व्यवस्था शामिल है. नियमित साफ-सफाई कराने की मांग भी की गयी. इसके अलावा व्यवस्थित कक्षाएं और पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध कराने को कहा गया. पुस्तकालय में जरूरी किताबें उपलब्ध कराने की मांग की गयी. प्रयोगशालाओं में जरूरी उपकरण देने की बात कही गयी. कॉलेज में बिजली और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की गयी. विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात करने की भी मांग रखी गयी.
प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी ने कहा कि कॉलेज में केवल प्रवेश मिलना पर्याप्त नहीं है. विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षक, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण भी मिलना चाहिए. प्राचार्या डॉ सीमा कुमारी ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए महाविद्यालय स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने तथा विश्वविद्यालय स्तर के मामलों को रांची विश्वविद्यालय के समक्ष रखने का आश्वासन दिया. इस अवसर पर क्षेत्रीय जनजातीय प्रमुख डब्लू भगत, विक्रम साहू, सपना टोप्पो, अनूपा पन्ना, रामप्रसाद साहू सहित एबीवीपी के कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित थे.
