युवक की पिटाई से मौत का शक, 10 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव
गुमला सदर थाना क्षेत्र की मुरकुंडा पंचायत के कुटमा गांव में 22 वर्षीय मंडेल इंदवार की मौत का मामला संदिग्ध हो गया है. युवक की पिटाई के बाद मौत होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने करीब 10 दिन बाद कब्र खुदवाकर शव निकलवाया. मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. शव गल जाने के कारण वहां पोस्टमार्टम नहीं हो सका. इसके बाद शव को रिम्स भेज दिया गया है. वहीं, पुलिस ने इस मामले में गांव के ही ठुठा उरांव, बंधु उरांव और घसिया उरांव को गिरफ्तार किया है. वहीं, संजय उरांव के फरार होने की बात सामने आयी है. पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है.
धान चोरी के आरोप में हुई थी पिटाई
मृतक के छोटे भाई करमा इंदवार ने पुलिस को बताया कि मंडेल नशे का आदी था. करीब 40 दिन पहले उसने गांव के घुड़ खड़िया के घर से धान चोरी की थी. इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पीटा था. पिटाई के बाद भी मंडेल करीब एक महीने तक गांव में घूमता रहा. करमा के अनुसार, मंडेल पहले से हाइड्रोसील से पीड़ित था और पिटाई में उसके संबंधित हिस्से में चोट लगी थी. उसने इलाज नहीं कराया. आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण परिजन भी उसका समुचित इलाज नहीं करा सके. धीरे-धीरे उसकी तबीयत बिगड़ती गयी. वह पेशाब नहीं कर पा रहा था और पेट फूलने लगा था.
युवक की पिटाई के बाद मौत होने की सूचना मिलने पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव निकलवाया गया है. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम संभव नहीं होने के कारण शव रिम्स भेजा गया है. मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा. मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
दिनेश कुमार, थाना प्रभारी, गुमला सदर
10 दिन पहले घर में हुई थी मौत
करीब 10 दिन पहले मंडेल घर में सोया हुआ था. इसी दौरान उसकी मौत हो गयी. परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया था. दशकर्म की रस्म भी पूरी हो चुकी थी. बाद में पिटाई के बाद मौत होने की जानकारी पुलिस को मिली. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कब्र खुदवाकर शव निकलवाया.
