राजनीति

सिसई में बोले जयराम महतो- जेपीएससी-सीजीएल पेपर लीक मामले में सरकार गंभीर नहीं

गुमला के सिसई प्रखंड स्थित साताशिली रामनवमी मैदान में चार दिवसीय फुटबॉल महाकुंभ टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला गया. इसका आयोजन जेएलकेएम पार्टी ने किया था. फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा. जेगो धावठाटोली गुमला (जेडीटी) की टीम ने पेनाल्टी शूटआउट में सरना ब्रदर्स बरटोली को एक गोल से हरा दिया. इसी के साथ जेडीटी ने टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया. टूर्नामेंट में अंतरजिला स्तर की 32 टीमों ने हिस्सा लिया. फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रूप में डुमरी विधायक और जेएलकेएम सुप्रीमो जयराम महतो मौजूद रहे.

कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले जयराम महतो का काफिला शहीद तेलंगा खड़िया और शहीद लोहरा उरांव की प्रतिमा स्थल पर पहुंचा. उन्होंने दोनों शहीदों को नमन किया. इसके बाद विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार दिया गया. विजेता टीम को 25 हजार रुपये मिले. उपविजेता टीम को 20 हजार रुपये दिए गए. तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 15 हजार और चौथे स्थान वाली टीम को 10 हजार रुपये मिले. पांचवें से आठवें स्थान पर रहने वाली टीमों को पांच-पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया. इस मौके पर जयराम महतो ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कहा कि खेल में जीत और हार होती रहती है. लेकिन खेल से टीम भावना, अनुशासन और भाईचारे की सीख मिलती है.

इस दौरान जयराम महतो ने झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने जेपीएससी-सीजीएल पेपर लीक मामले को लेकर सरकार और सत्तारूढ़ दल पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में गरीबों के लिए पढ़ाई के बाद भी नौकरी पाना मुश्किल है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की नौकरियां बाहरी लोगों को बेची जा रही हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *