कस्तूरबा की 70 से अधिक छात्राओं को वायरल फीवर
गुमला जिले के डुमरी प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की 70 से अधिक छात्राएं वायरल फीवर की चपेट में हैं. एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं के बीमार पड़ने से विद्यालय परिसर में चिंता का माहौल है. मंगलवार की रात करीब आठ बजे बीमार छात्राओं को टेम्पो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डुमरी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी की स्वास्थ्य जांच कर उपचार शुरू किया, सीएचसी में एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं के पहुंचने से अस्पताल परिसर में भीड़ बढ़ गई. चिकित्सकों के अनुसार छात्राओं में बुखार, सिरदर्द और पेट दर्द सहित वायरल संक्रमण से जुड़े लक्षण पाये गये हैं.
प्रभारी चिकित्सक डॉ अलबेल केरकेट्टा ने बताया कि जांच के बाद प्रथम दृष्ट्या छात्राओं में वायरल फीवर के लक्षण मिले हैं. मौसम में बदलाव और संक्रमण के कारण वायरल फीवर के मामले बढ़ सकते हैं. उन्होंने छात्राओं को पर्याप्त आराम, स्वच्छ एवं गर्म पानी का सेवन तथा चिकित्सीय सलाह के अनुसार दवा लेने की सलाह दी. इधर, विद्यालय में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में छात्राओं के बीमार पड़ने से अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गयी है. शिक्षिका दिव्या स्वर्णा टोप्पो ने बताया कि छात्राएं आवासीय विद्यालय में एक साथ रहती हैं और पढ़ाई करती हैं. ऐसे में संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए बीमार छात्राओं को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी लाया गया.
