गुमला

चैनपुर बाजार टांड़ रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में लाखों की चोरी

(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
चैनपुर मुख्यालय के बाजार टांड़ रोड में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक एवं मशीनरी गोदाम से लाखों रुपये मूल्य के सामानों की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय दुकानदारों और कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. इस संबंध में दुकान के मालिक अमर कुमार ने चैनपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. दुकानदार अमर कुमार पिता—गोविन्द साहू, निवासी चैनपुर ने थाने में दिए गए आवेदन में बताया है कि उनका चैनपुर बाजार टांड़ रोड में इलेक्ट्रॉनिक एवं मशीनरी का व्यवसाय है. उनकी दुकान के बगल में ही उनका पुराना मकान स्थित है जिसे उन्होंने सामान रखने के लिए गोदाम बना रखा है. इसी गोदाम में इलेक्ट्रॉनिक और मशीनरी से जुड़े काफी कीमती सामान रखे हुए थे. आरोप है कि इसी गोदाम से रुनू कुमार पिता—स्वर्गीय अंजन साहू, निवासी चैनपुर द्वारा लाखों रुपये मूल्य के टुल्लू पंप सहित कई अन्य सामानों की चोरी कर ली गई है जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है.

पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए चैनपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी रुनू कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि रोनू द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर चोरी के सामानों की खरीद-बिक्री करने वाले अन्य संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि बहुत जल्द ही चोरी किए गए तमाम सामानों की बरामदगी कर ली जाएगी और इस मामले का पूरी तरह से खुलासा कर दिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *