गुमला

घर में फंदे से लटका मिला महिला का शव, भाई का आरोप- पति ने मारकर फंदे से लटका दिया

गुमला के घाघरा थाना क्षेत्र के गुनिया गांव में सुलंती देवी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि महिला का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी. घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चा हो रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.

हत्या का आरोप मायके वालों ने लगाया

मृतका के भाई सुनील साहू ने बताया कि सुलंती देवी और उसके पति अमरेंद्र साहू के बीच अक्सर झगड़ा होता था. उनका आरोप है कि विवाद के दौरान सुलंती के साथ मारपीट भी की जाती थी. सुनील ने पति पर मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या करने और शव को रस्सी के सहारे लटकाकर मामले को आत्महत्या का रूप देने की आशंका जताई है. मायके वालों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच कराने की मांग की है. साथ ही दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस के अनुसार फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. पुलिस आत्महत्या और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *