बसिया में घायल हाथी के बच्चा को वन विभाग ने किया रेस्क्यू
बसिया़ वन विभाग की टीम ने भरनो प्रखंड के मारासीली जंगल से घायल हाथी के बच्चे को रेस्क्यू कर बसिया स्थित वन कार्यालय पहुंचाया है. जानकारी के अनुसार, बसिया, कामडारा और पालकोट प्रखंड में कई दिनों से 22 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है. झुंड में कई बच्चे भी शामिल हैं. इसी झुंड से यह हाथी का बच्चा बिछड़ गया था.
वन विभाग की टीम को जंगल में गश्त के दौरान हाथी का बच्चा घायल अवस्था में मिला. सूचना मिलते ही वनपाल शेखर कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर बसिया ले आयी. वहां चिकित्सकों की विशेष टीम द्वारा उसका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है. वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य जांच पूरी होने और स्थिति सामान्य होने के बाद बच्चे को बसिया के सीमावर्ती क्षेत्रों में विचरण कर रहे हाथियों के झुंड के पास ले जाया जायेगा.
विभाग की प्राथमिकता उसे उसके प्राकृतिक परिवेश और झुंड से दोबारा जोड़ना है. यदि झुंड उसे स्वीकार कर लेता है, तो वहीं छोड़ दिया जायेगा. अन्यथा सुरक्षा और बेहतर देखभाल के लिए उसे पलामू के जंगलों में भेजा जायेगा. फिलहाल वनकर्मी उसकी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं.
