खेल

डुमरी: नवाडीह विद्यालय में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, चार दलों के बीच होगा मुकाबला

डुमरी. जनता उच्च विद्यालय नवाडीह सह इंटर कॉलेज नवाडीह के खेल मैदान में गुरुवार को तीन दिवसीय विद्यालय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह के साथ हुआ. प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाध्यापक फादर ब्यातुष किंडो ने झंडोत्तोलन कर किया. कार्यक्रम की शुरुआत सीपी चौक से निकाले गए मशाल जुलूस से हुई. विद्यालय परिसर पहुंचने के बाद मशाल जुलूस ने खेल मैदान का भ्रमण किया. इसके बाद विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट कर अतिथियों का अभिवादन किया.

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को जूनियर और सीनियर दो वर्गों में बांटा गया है. दसवीं कक्षा से नीचे के विद्यार्थी जूनियर ग्रुप और दसवीं कक्षा से ऊपर के विद्यार्थी सीनियर ग्रुप में शामिल हैं. दोनों वर्गों के प्रतिभागियों को बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, सिनगी दाई और जयपाल सिंह मुंडा नामक चार दलों में विभाजित किया गया है. उद्घाटन के बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं शुरू हुईं.

प्रधानाध्यापक फादर ब्यातुष किंडो ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है. इससे बच्चों में शारीरिक और मानसिक क्षमता के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है. उन्होंने विद्यार्थियों से हार-जीत की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और निरंतर अभ्यास करने की अपील की.

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना है. मौके पर सुषमा तिग्गा, कमल, सुषमा एक्का, अडेला कुजूर, संतोष, जेम्स तिर्की सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *