गुमला: लिखित आश्वासन के बाद टूटा देवकी देवी का अनशन, अब 17 मांगों पर कार्रवाई का इंतजार
सदर अस्पताल गुमला की व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर पांच दिनों से अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठीं प्रतिज्ञा महिला संगठन की जिला अध्यक्ष देवकी देवी ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया. प्रशासन की ओर से मांगों पर पहल करने का लिखित आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने अनशन तोड़ दी है. इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया. देवकी देवी सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार समेत कुल 17 मांगों को लेकर अस्पताल परिसर में अनशन कर रही थीं. पांच दिनों तक चले इस आंदोलन के दौरान चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही थी.
बुधवार को उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ. उपायुक्त के निर्देश पर सदर एसडीओ अखिलेश कुमार, एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, प्रभारी अंचल अधिकारी और अस्पताल उपाधीक्षक डॉ अनुपम किशोर समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने देवकी देवी से बातचीत कर उनकी मांगों की जानकारी ली और समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करने का भरोसा दिया. मांगों को सरकार तक पहुंचाने तथा उन पर कार्रवाई के लिए लिखित आश्वासन दिये जाने के बाद उन्होंने अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया.
आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन
पांच दिनों तक चले अनशन के समाप्त होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है. हालांकि, आंदोलन के दौरान उठाए गए अस्पताल की व्यवस्था से जुड़े 17 मुद्दों पर अब तक क्या ठोस कदम उठाए जायेंगे, यह महत्वपूर्ण सवाल बना हुआ है. देवकी देवी ने जिन मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया था, उनके समाधान की दिशा में प्रशासन कितना आगे बढ़ता है, इस पर अब सबकी नजर रहेगी. अनशन समाप्त होने के साथ ही आंदोलन का एक चरण भले ही पूरा हो गया है. लेकिन अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर उठे सवालों का जवाब अब प्रशासनिक कार्रवाई से ही मिलेगा.
