गुमलाझारखंड

गुमला के शिवार्चना कंस्ट्रक्शन पर गोलीबारी का आरोपी रांची में मुठभेड़ में घायल, दूसरा गिरफ्तार

गुमला के खटवा नदी स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओभर साइट पर गोलीबारी कर मजदूरों को धमकाने के मामले में पुलिस को सफलता मिली है. मंगलवार को रांची क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ में कथित आरोपी शाहिद के पैर में गोली लगी, जबकि उसके एक साथी शमशद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों के पास से दो पिस्तौल बरामद होने की सूचना है.

बता दें कि 24 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे गुमला थाना क्षेत्र के चंदाली स्थित खटवा नदी के पास शिवार्चना कंस्ट्रक्शन के निर्माण स्थल पर गोलीबारी हुई थी. कंपनी के लाइजनिंग मैनेजर दिगंबर सिंह की शिकायत के अनुसार, मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन लोगों ने मजदूरों पर गोली चलाई और काम बंद कर वहां से चले जाने की धमकी दी थी.

आरोपियों ने दोबारा आने पर जान से मारने की चेतावनी भी दी थी. घटना के दौरान मजदूरों में अफरा-तफरी मच गयी थी। भागने के क्रम में मो. सलीम की जांघ में छिलने जैसी चोट आयी थी.

राहुल सिंह गिरोह से जुड़ा है शाहिद

घटना के बाद गुमला एसपी हारिस बिन जमां के निर्देश पर गठित स्पेशल टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी. इसी बीच रांची पुलिस को सूचना मिली कि राहुल सिंह गिरोह का कथित अपराधी शाहिद अपने साथी के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहा है. पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो कथित तौर पर गोलीबारी हुई. जवाबी कार्रवाई में शाहिद घायल हो गया.

गुमला में हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी राहुल गैंग के आजाद सरकार द्वारा सोशल मीडिया पर लेने का दावा भी सामने आया था, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर फ्लाईओभर साइट पर गोलीबारी में उनकी भूमिका, घटना के पीछे की वजह और गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में जानकारी जुटायेगी. मुठभेड़ और आरोपियों की भूमिका को लेकर आधिकारिक पुष्टि तथा जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *