चैनपुर में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित बाइक दुर्घटना में दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
चैनपुर थाना क्षेत्र के डहुडड़गांव के समीप शुक्रवार की रात करीब 9 बजे हुए सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा उस समय हुआ, जब तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जामगाई से अपने घर लौट रहे थे.
मृतकों की पहचान पुनीत एक्का (23 वर्ष), पिता कमलचंद एक्का तथा विकास कुजूर (21 वर्ष), पिता स्वर्गीय वाल्टर कुजूर, दोनों ग्राम तुलमुंगा डूमरटोली, थाना सुरसांग के रूप में हुई है. वहीं हादसे में घायल युवक की पहचान कुलदीप टोप्पो (करीब 30 वर्ष), पिता स्वर्गीय सुनील टोप्पो, ग्राम नीचे खटंगा, थाना रायडीह, जिला गुमला के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार तीनों युवक मोटरसाइकिल संख्या JH07N 3850 पर सवार होकर जामगाई से अपने घर जा रहे थे. इसी दौरान डहुडड़गांव के पास बाइक अनियंत्रित हो गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पुनीत एक्का और विकास कुजूर को मृत घोषित कर दिया.
वहीं गंभीर रूप से घायल कुलदीप टोप्पो को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया.
इधर, पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया. घटना की पुष्टि करते हुए चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और गांव में शोक की लहर है.
