गुमला

गुमला : इनामी माओवादी राम प्रसाद को 10 साल की सजा

अदालत ने 10 लाख रुपये के इनामी हार्डकोर माओवादी जोनल कमांडर राम प्रसाद लकड़ा उर्फ अशोक जी उर्फ प्रसाद लकड़ा को 10 साल के कारावास की सजा सुनायी है. यह फैसला शुक्रवार को गुमला के जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-तीन भूपेश कुमार की अदालत ने सुनाया. अदालत ने राम प्रसाद को विभिन्न धाराओं में कुल 80 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. इसे छह अक्तूबर को ही दोषी करार दिया गया था, जिसके बाद सजा के बिंदु पर सुनवाई पूरी करते हुए फैसला सुनाया गया. अदालत ने राम प्रसाद को आर्म्स एक्ट व 17 सीएलए एक्ट के तहत दोषी पाया. राम प्रसाद फिलहाल रांची के होटवार जेल में बंद है.

11 जून 2015 को चैनपुर के कटकाही नाला जंगल के पास पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. पुलिस को सूचना मिली थी कि 10 लाख रुपये का इनामी माओवादी राम प्रसाद लकड़ा अपने दस्ते के साथ जंगल में मौजूद है. इसके बाद तत्कालीन एएसपी पवन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में अभियान चलाया था. पुलिस के पहुंचते ही नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली भागने लगे. इसी दौरान पुलिस ने राम प्रसाद लकड़ा, जीवन तिर्की और फ्रांसिस खलखो को गिरफ्तार कर लिया था. इस कार्रवाई में अन्य हथियारबंद नक्सली जंगल की ओर भाग निकले थे. पुलिस अभिलेखों के अनुसार, राम प्रसाद लकड़ा करीब 22 वर्षों तक माओवादी संगठन में सक्रिय रहा था. वह गुमला जिले और आसपास के जंगलों में संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी माना जाता था. उस पर 13 पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल होने का आरोप भी था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *