गुमला

गोवा में काम करने गया गुमला का मजदूर लापता

रोजगार की तलाश में गोवा गया गुमला थाना क्षेत्र के टैसेरा गांव निवासी करीब 42 वर्षीय प्रवासी मजदूर चंदरु साहू रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है. 17 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे परिजनों से उसकी अंतिम बार फोन पर बात हुई थी. इसके बाद से उसका मोबाइल बंद है. कई दिनों की खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है. जानकारी के अनुसार, चंदरु करीब चार महीने पहले मजदूरी करने गोवा गया था. वह बेरना थाना क्षेत्र में रहकर काम कर रहा था. 17 नवंबर को धान कटाई के लिए घर लौटने की बात कहकर वहां से निकला था. परिजनों से बातचीत में उसने बताया था कि वह मड़गांव रेलवे स्टेशन पर है. इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया.

तीन बच्चों के परिवार पर आर्थिक संकट : चंदरु की पत्नी बिरसमुनी देवी ने बताया कि पति ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है. उसके तीन छोटे बच्चे हैं. पति के लापता होने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. उसने मजदूर संघ सीएफटीयूआइ के गुमला कार्यालय पहुंचकर प्रदेश उपाध्यक्ष जुम्मन खान को आवेदन सौंपा और खोजबीन में मदद मांगी. जुम्मन खान ने संबंधित कार्यस्थल पर संपर्क कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया. उन्होंने परिजनों को गोवा के मड़गांव थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी और मजदूर की तलाश में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. साथ ही प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा के लिए सरकार से ठोस व्यवस्था करने की मांग की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *