ब्राउन शुगर के जाल में फंस रहीं युवतियां, गुमला में बढ़ता नशे का कारोबार चिंता का विषय
गुमला शहर में ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार युवाओं के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है. नशे के इस कारोबार में युवतियों की संलिप्तता सामने आने से चिंता बढ़ी है. ताजा मामले में पुलिस ने गुप्त सूचना पर गोकुल नगर के समीप छापेमारी कर 0.9 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवतियों और एक युवक को गिरफ्तार किया. सोमवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
आरोपियों में शास्त्री नगर निवासी मैक्सिम किंडो (23), स्नेहा रीता टोप्पो (20) और बड़ाइक मुहल्ला निवासी सुधीर पहान (25) शामिल हैं. थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि रविवार शाम पुलिस को गोकुल नगर के समीप कुछ लोगों द्वारा ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री किये जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया.
युवतियों की संलिप्तता ने बढ़ायी चिंता : इस मामले में दो युवतियों की गिरफ्तारी ने नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर सवाल खड़े किये हैं. इससे पहले भी सदर थाना पुलिस नशे से जुड़े मामलों में कई युवतियों को पूछताछ के लिए थाना लायी थी. हालांकि, उस समय चेतावनी देकर उन्हें छोड़ दिया गया था. लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले अभिभावकों और समाज के सामने नयी चुनौती खड़ी कर रहे हैं.
