गुमला

गुमला में रिश्तों का कत्ल! दो सगे भाइयों ने पत्नियों को मारकर जंगल में गाड़ दिया

झारखंड के गुमला में दो महिलाओं की हत्या कर उनके शव सिमडेगा के वीरू जंगल में दफनाने का मामला सामने आया है. हत्या का आरोप महिलाओं के पतियों पर ही लगा है. दोनों आरोपी सगे भाई हैं. इनकी पहचान शिव शंकर साहू और नवीन साहू के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.

मृत महिलाओं की पहचान विंध्याचल नगर नदी टोली की रहने वाली मिनी प्रिया (28) और राधिका कुमारी (20) के रूप में हुई है. मिनी की शादी शिव शंकर साहू से हुई थी, जबकि राधिका की शादी नवीन साहू से हुई थी. बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों में लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है. शिव शंकर साहू गुमला सदर अस्पताल में एम्बुलेंस चलाता है. पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाओं के शव अब तक बरामद नहीं हुए हैं. उनकी तलाश की जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले दोनों भाई अपनी-अपनी पत्नियों को लेकर समसेरा स्थित घर गए थे. इसके बाद वे घूमने के बहाने दोनों महिलाओं को एम्बुलेंस से सिमडेगा के वीरू जंगल ले गए. पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वहां दोनों महिलाओं की हत्या कर उनके शव जमीन में दफना दिए थे. वारदात में इस्तेमाल एम्बुलेंस शिव शंकर साहू चला रहा था. पुलिस ने एम्बुलेंस जब्त कर ली है.

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई पत्नियों को लेकर घर से निकले थे और बाद में अकेले लौट आए. इसके बाद वे अपने बच्चों को लेकर गुमला थाना पहुंचे. वहां उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नियां लापता हो गई हैं. शुरुआत में पुलिस ने इसे गुमशुदगी का मामला मानकर जांच शुरू की थी. हालांकि, जांच आगे बढ़ने पर दोनों भाइयों पर शक गहराया और पूछताछ में मामले का खुलासा हुआ.

बुधवार सुबह पुलिस और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीरू जंगल में कब्र खोदकर दोनों महिलाओं के शव बाहर निकाले गए. दूसरी ओर, थाने में मृतकों के परिवार वालों का जमावड़ा लगा है. परिजन रो-रोकर बेहाल हैं. बताया जा रहा है कि मिनी प्रिया और राधिका की शादी दोनों भाइयों से चार साल पहले हुई थी. शादी के कुछ समय बाद से ही घर में विवाद होने लगे थे. शिव शंकर साहू और मिनी प्रिया का एक बेटा भी है. उसका नाम अंश बताया जा रहा है. घटना के समय वह भी मौके पर मौजूद था.

शादी के कुछ समय बाद ही दोनों भाइयों और उनकी पत्नियों के बीच अनबन शुरू हो गई थी. इसके बाद दोनों महिलाओं को उनके पतियों ने छोड़ दिया और वे मायके में रहने लगीं. मामला गुमला कोर्ट में भी चल रहा था. शनिवार को काफी समझाने-बुझाने के बाद नवीन और शिव शंकर अपनी पत्नियों को घर लेकर आए थे. लेकिन पुलिस के मुताबिक, दोनों भाइयों ने पहले से ही हत्या की योजना बना रखी थी. इसी के तहत सोमवार को दोनों महिलाओं की हत्या कर शव वीरू जंगल में दफना दिए गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *