गुमला

लड़की से बातचीत को लेकर विवाद में युवक की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान मौत; आरोपी फरार

गुमला सदर थाना क्षेत्र के करौंदी नायक टोली में एक लड़की से बातचीत करने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया. मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने गांव के ही राजू नायक (48) की लाठी-डंडे और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी. गंभीर रूप से घायल राजू की सोमवार देर रात गुमला सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। घटना के बाद आरोपी दुर्गेश नायक फरार हो गया. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

मृतक की मां रीता देवी के अनुसार, सोमवार दोपहर दुर्गेश नायक उनके घर के समीप एक लड़की से बातचीत कर रहा था. इसी दौरान राजू नायक ने उसे वहां से आगे जाने को कहा. इस बात पर दुर्गेश आगबबूला हो गया और राजू की लाठी-डंडे व लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी. रीता देवी ने बताया कि बेटे को बचाने के लिए उन्होंने आरोपी से लगातार मारपीट नहीं करने की गुहार लगायी, लेकिन वह नहीं माना और राजू को पीटता रहा.

घटना के दौरान आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन कोई बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया. मारपीट के बाद राजू को गंभीर हालत में घर पहुंचाया गया. देर शाम उनका बेटा अजय नायक घर लौटा, तो पिता की बिगड़ती हालत देखकर तत्काल उन्हें गुमला सदर अस्पताल ले गया. वहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गयी. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। इधर, पुलिस मामले की जांच और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *