खेलगुमला

चैनपुर: टोंगो के उर्सुलाइन स्कूल में पहले वार्षिक खेल दिवस की धूम, बच्चों ने खेल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन

चैनपुर: उर्सुलाइन इंग्लिश मीडियम स्कूल, टोंगो के प्रांगण में शुक्रवार को प्रथम वार्षिक खेल दिवस समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जारी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मुख्य रूप से उपस्थित थे.

समारोह का आगाज विद्यालय की बैंड पार्टी और स्काउट दल द्वारा मुख्य अतिथियों के पारंपरिक एवं भव्य स्वागत के साथ हुआ. इसके बाद अतिथियों ने ध्वजारोहण व मशाल प्रज्वलन कर खेलों का विधिवत उद्घाटन किया. विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट किया और खेल भावना की शपथ ली. सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘मास ड्रिल’ और पारंपरिक ‘नागपुरी नृत्य’ मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे, जिस पर उपस्थित लोगों ने जमकर तालियां बटोरीं.

खेल प्रतियोगिताओं में सीनियर वर्ग की 100 मीटर व 200 मीटर दौड़, रिले रेस, सैक रेस तथा बौद्धिक क्षमता पर आधारित आईक्यू (IQ) टेस्ट जैसी कई रोचक स्पर्धाएं हुईं. विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया.

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मेरी लकड़ा ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी जीवन का अभिन्न अंग है. खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। अंत में मुख्य अतिथि के द्वारा खेल दिवस के समापन की घोषणा की गई.

इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की सेक्रेटरी सिस्टर जुलिता टोप्पो सहित अन्य धर्मबहनों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों और विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम में आसपास के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक भी मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *