पालकोट के बघिमा में कटे धान पर बरसात का पानी पड़ने से दर्जनों एकड़ फसल सड़ रही
गुमला जिले के पालकोट प्रखंड की बघिमा पंचायत में लगातार हुई तेज बारिश से किसानों की कटाई कर रखी धान की फसल बर्बाद होने लगी है. खेतों में पानी भरने से कटे धान भीग गए हैं. सड़ने की स्थिति बन गई है। कई किसानों के खेतों में घुटने भर पानी जमा होने की बात सामने आई है.
स्थानीय किसानों के अनुसार इस बार 2 से 3 एकड़ उपजाऊ जमीन में उन्नत किस्म के हाइब्रिड धान की खेती की गई थी. फसल तैयार होने के बाद कटाई कर धान को खेतों में रखा गया था. इसी दौरान भारी बारिश हुई। खेतों में जलजमाव हो गया। किसानों का कहना है कि भीगे धान को सुरक्षित करना मुश्किल हो गया है. नुकसान बढ़ रहा है.
किसान चतुर साहू, दीपक नायक, फकीर नायक और राजकुमार नायक ने बताया कि फसल खराब होने से परिवार के सामने जीविकोपार्जन की समस्या खड़ी हो रही है. उन्होंने कहा कि खेती पर किया गया खर्च और मेहनत, दोनों प्रभावित हुए हैं.किसानों ने सरकार और स्थानीय प्रशासन से नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है.
पालकोट के कृषि पदाधिकारी श्याम किशोर प्रसाद ने कहा कि जिन किसानों की धान की फसल बारिश के पानी से खराब हुई है, वे मुआवजा प्रक्रिया के लिए दस्तावेज जमा करें। प्रभावित किसान फसल क्षति का जियो-टैग फोटो, पंचायत मुखिया की अनुशंसा सहित आवेदन, और जमीन से संबंधित कागजात अंचल कार्यालय में जमा करें. उन्होंने बताया कि सत्यापन के बाद सरकार के तय मानक के अनुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.इलाके में बारिश से हुए जलजमाव के कारण खेतों में नुकसान का आकलन कराने की मांग भी उठ रही है.
