अखिल बारवे अंतर माध्यमिक विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
बारवे उच्च विद्यालय, चैनपुर के खेल मैदान में मंगलवार को अखिल बारवे अंतर माध्यमिक विद्यालय फुटबॉल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ. सुबह 9 बजे शुरू हुए इस उद्घाटन समारोह में खेल, अनुशासन और सांस्कृतिक रंग का अनूठा संगम देखने को मिला. प्रतियोगिता में लड़कों और लड़कियों दोनों वर्गों के मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें कुल 14विद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं. इसमें पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के घोलेंग की टीम भी शामिल है.
समारोह की शुरुआत सभी प्रतिभागी विद्यालयों के खिलाड़ियों द्वारा रंग-बिरंगी खेल जर्सी में किए गए शानदार मार्च पास्ट से हुई. इसके बाद मुख्य अतिथि को बैज और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया. छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक स्वागत नृत्य ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया. आयोजन समिति के अध्यक्ष फादर अजित कुमार एक्का ने स्वागत भाषण देकर सभी अतिथियों, शिक्षकों और खिलाड़ियों का अभिनंदन किया.
अनुशासन और खेल भावना की अपील
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेन्दोरा पंचायत के मुखिया श्री सुशील दीपक मिंज ने फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया. खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “खेल न केवल शारीरिक विकास करता है बल्कि हमारे भीतर एकता की भावना लाता है. यह जीवन में लक्ष्य को प्राप्त करने की प्रेरणा देता है.” उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार से ऊपर उठकर खेल भावना और कड़े अनुशासन के साथ प्रदर्शन करने की अपील की. उद्घाटन सत्र के समापन पर सभी खिलाड़ियों ने खेल भावना की शपथ ली.
इस गरिमामयी अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में फादर सुशील कुजूर उपस्थित थे. इसके अलावा बारवे उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक फादर मारियानुष टोप्पो, फादर सिरिल कुल्लू, फादर प्रताप बिलुग, सभी शिक्षकगण, खेल प्रभारी तथा भारी संख्या में खेल प्रेमी व ग्रामीण मौजूद थे.
प्रतियोगिता में भाग ले रही प्रमुख टीमें
उच्च विद्यालय राजावल, नोवाडीह विद्यालय, संत पात्रिक (गुमला), संत पीटर (टोंगो), संत पीयूस (भीखमपुर), संत पीयूस (रामपुर), बलबीर उच्च विद्यालय (कटकाही), प्रताप उच्च विद्यालय (घोलेंग, छत्तीसगढ़), बारवे उच्च विद्यालय (चैनपुर), निर्मला उच्च विद्यालय (मामरला), जय किसान (मांझाटोली), लूथरन उच्च विद्यालय (चैनपुर), संत अन्ना मिडिल स्कूल (चैनपुर) एवं सेंट अन्ना मध्य विद्यालय (चैनपुर).
