खेल

एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप के लिए भारतीय टीम क्वालीफाई, गुमला की दीपिका कुमारी ने बढ़ाया जिले का मान

गुमला. चीन में आयोजित होने वाले एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप 2027 के लिए भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने क्वालीफाई कर लिया है. मलेशिया में 5 से 11 अक्टूबर 2026 तक आयोजित क्वालीफायर प्रतियोगिता में भारत ने लगातार तीन मुकाबले जीतकर यह उपलब्धि हासिल की. भारतीय टीम में गुमला के आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र की दीपिका कुमारी और रांची की अनुष्का कुमारी ने झारखंड का प्रतिनिधित्व किया.

भारत ने पहले मुकाबले में इराक को 14-0 से हराया. दूसरे मैच में सीरिया को 2-0 से शिकस्त दी, जबकि निर्णायक मुकाबले में मेजबान मलेशिया को 4-0 से पराजित कर एशियन कप में अपनी जगह पक्की की.

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर गुमला लौटीं दीपिका कुमारी का भव्य स्वागत किया गया. उनकी सफलता से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी है. जिला खेल पदाधिकारी ने दीपिका को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की. वहीं, विद्यालय के प्राचार्य फादर नोवर मिंज, शिक्षकगण और खेल प्रेमियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं. दीपिका की उपलब्धि जिले की अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे फुटबॉल के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *