गुमला

अस्पताल से डॉक्टर थे गायब, एंबुलेंस चालक ने अस्पताल में तोड़ा दम, ग्रामीणों का भारी हंगामा

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कामडारा में चिकित्सा व्यवस्था की बदहाली और डॉक्टरों की मनमानी ने एक बार फिर एक जान ले ली. सोमवार की सुबह करीब 15 वर्षों से मरीजों को एंबुलेंस सेवा देने वाले मानदेय कर्मी संदीप प्रधान (45 वर्ष) की इलाज के अभाव में अस्पताल परिसर में ही मौत हो गयी. परिजनों ने बताया कि सोमवार की सुबह संदीप प्रधान को पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई. जिसके बाद उन्हें तुरंत सीएचसी कामडारा लाया गया. ड्यूटी रोस्टर के अनुसार, वहां महिला चिकित्सक डॉ सविता कुमारी की तैनाती थी. लेकिन वे अस्पताल से अनुपस्थित थीं.

समय पर चिकित्सक के उपलब्ध नहीं होने के कारण संदीप का प्राथमिक उपचार भी नहीं हो सका और उन्होंने तड़पते हुए दम तोड़ दिया. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया. जब डॉ सविता कुमारी को बुलाया गया, तो वे अपनी ड्यूटी होने की बात से साफ मुकर गयीं. हालांकि, जब प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुनील खलखो ने मौके पर ड्यूटी रोस्टर मंगवाकर जांच की, तो पाया कि माह के दूसरे रविवार से सोमवार तक डॉ सविता की ही दिन-रात की ड्यूटी थी. सच्चाई सामने आते ही चिकित्सक ने चुप्पी साध ली. ग्रामीणों का आरोप है कि डॉ सविता सप्ताह में महज दो दिन कुछ घंटों के लिए आती हैं और कभी नाइट ड्यूटी नहीं करतीं.

सड़क जाम की चेतावनी और प्रशासन को ज्ञापन

एंबुलेंस चालक की मौत से गुस्साये ग्रामीण रांची-सिमडेगा मुख्य मार्ग को जरिया के पास जाम करना चाह रहे थे. लेकिन, प्रभारी पदाधिकारी के आश्वासन के बाद वे शांत हुए. ग्रामीणों ने उपायुक्त गुमला, एसडीओ बसिया और सिविल सर्जन के नाम एक मांग पत्र सौंपा. इसमें लापरवाह डॉक्टर पर कार्रवाई, मृतक के दाह-संस्कार के लिये तत्काल सहायता उचित मुआवजा और मृतक की पत्नी को जीवन यापन के लिए सीएचसी में नौकरी देने की मांग की गयी है. मृतक संदीप प्रधान अपने पीछे पत्नी फुलेश्वरी देवी, 11 वर्षीय बेटा सूर्या और आठ वर्षीय बेटी सिया को छोड़ गये हैं. 15 साल तक दूसरों की जान बचाने के लिए ऐंबुलेंस चलाने वाले संदीप को खुद जरूरत पड़ने पर सिस्टम ने अकेला छोड़ दिया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुनील खलखो ने मामले को जिला प्रशासन के समक्ष रखने और हर संभव मदद का भरोसा दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *