एसआइ मनोज पासवान का एक लड़की के साथ अश्लील वीडियो वायरल, भेजा गया जेल
गुमला जिले में पुलिस विभाग से जुड़े एक सनसनीखेज मामले में महिला थाना में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एसआइ मनोज पासवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी पर एक लड़की के साथ दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने का गंभीर आरोप लगा है. पीड़िता ने महिला थाना में दिये आवेदन में बताया है कि वर्ष 2017 में जब वह नाबालिग थी. उसी दौरान उसकी मां सहारा कंपनी में एजेंट का काम करती थी. उसी समय चैनपुर थाना में सिपाही के पद पर पदस्थापित मनोज पासवान उनकी मां के संपर्क में आया था.
आवेदन के अनुसार, मनोज पासवान ने युवती को बहला-फुसलाकर गुमला बुलाया और पटेल चौक के समीप एक होटल में ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. आरोप है कि इस दौरान उसने युवती का अश्लील वीडियो भी बना लिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इसके बाद आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे गुमला बुलाता रहा और कई बार दुष्कर्म करता रहा.
आवेदन में कहा गया है कि यह सिलसिला वर्ष 2020 तक चलता रहा. युवती का आरोप है कि बाद में मनोज पासवान उस पर शादी का दबाव बनाने लगा. जब परिवार ने शादी से इनकार किया तो आरोपी ने कथित तौर पर अश्लील वीडियो कुछ लोगों को भेज दिया. इसके बाद आरोपी द्वारा लगातार धमकी और गाली-गलौज किये जाने की बात भी आवेदन में दर्ज है. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसकी नाबालिग बहन के साथ भी दुष्कर्म कर वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी.
अश्लील तीन वीडियो वायरल
10 मई 2026 को अश्लील तीन वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिये गये. जिसके बाद उसने 11 मई को महिला थाना गुमला में लिखित शिकायत दर्ज करायी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी एसआइ मनोज पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
