गुमला

टैक्स वसूली से नाराज टुकटुक चालक सड़क पर उतरे, नगर परिषद के खिलाफ खोला मोर्चा

गुमला नगर परिषद क्षेत्र में टैक्स वसूली से नाराज टुकटुक (ऑटो) चालकों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा. सैकड़ों चालकों ने पालकोट रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय के सामने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. हालांकि कार्यालय बंद मिलने पर चालक अपनी शिकायत लेकर गुमला थाना पहुंचे और थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की.

प्रदर्शन कर रहे चालकों का कहना था कि नगर परिषद के कर्मचारी पालकोट रोड, सिसई रोड, लोहरदगा रोड और जशपुर रोड सहित विभिन्न मार्गों पर बार-बार टैक्स की वसूली कर रहे हैं. आरोप है कि एक ही दिन में एक ऑटो चालक से तीन से चार बार तक पैसे मांगे जाते हैं. जिससे उनकी आय पर सीधा असर पड़ रहा है. चालकों ने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर पहले ही यह व्यवस्था तय की गयी थी कि एक पर्ची पर किसी वाहन से केवल एक बार ही टैक्स लिया जायेगा. इसके बावजूद कई स्थानों पर उसी पर्ची के बावजूद दोबारा वसूली की जा रही है. इससे चालक खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं. ऑटो चालकों ने यह भी आरोप लगाया कि अतिरिक्त राशि देने से मना करने पर कुछ कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार किया जाता है और डराने-धमकाने की कोशिश की जाती है. लगातार हो रही इस परेशानी के कारण चालकों में भारी नाराजगी है.

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा एक ही पर्ची पर बार-बार टैक्स वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जायेगा. जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *