गुमला

मासूम को डंसा जहरीले सांप ने, चौथी कक्षा की छात्रा की मौत से गांव में मातम

गुमला सदर थाना क्षेत्र के कोयंजारा बरटोली निवासी नौ वर्षीय संजीता कुमारी की जहरीले सांप के डंसने से मौत हो गयी. घटना रविवार देर रात करीब दो बजे की बतायी जा रही है. इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है. सोमवार को पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया.

जानकारी के अनुसार, संजीता कुमारी रविवार रात अपनी छोटी बहन छह वर्षीय रेशमा कुमारी और 18 वर्षीय संगीता कुमारी के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गयी थी. तीनों जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थीं. इसी दौरान रात करीब दो बजे एक जहरीले सांप ने संजीता कुमारी को डंस लिया. शुरुआत में परिजनों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी. सोमवार सुबह करीब छह बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. इसके बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिये अस्पताल ले जाने निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी.

घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतका संजीता कुमारी प्राथमिक विद्यालय कोईनजारा की कक्षा चार की छात्रा थी. उसकी असामयिक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *