गुमला

भरनो : दो पक्षों में मारपीट, तीन घायल, रिम्स रेफर

भरनो प्रखंड के मसिया गांव में आपसी विवाद के बाद हुई मारपीट की घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों में अब्दुल अंसारी (25), साजिद अंसारी (19) और विकास गोप (22) शामिल हैं.

शिक्षक दिवस समारोह के दौरान शुरू हुआ विवाद : जानकारी के अनुसार, गत पांच सितंबर को प्लस टू हाइस्कूल तुरीअंबा में शिक्षक दिवस का कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान भीड़ में किसी बच्चे के ऊपर किसी का पैर पड़ गया, इस पर परिजन बीच-बचाव करने आ गये और बात बढ़ने पर मामला तूल पकड़ लिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी.

अस्पताल में भर्ती और पुलिस कार्रवाई : घटना के बाद परिजनों ने सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया. मारपीट की इस घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से भरनो थाने में एक-दूसरे के खिलाफ आवेदन दिया गया है, जिस पर पुलिस छानबीन कर रही है.

प्रबुद्धजनों ने संभाला मोर्चा, गांव में सुलह की पहल : मामले के तूल पकड़ने पर गांव के प्रबुद्धजन और अमन-पसंद लोग भरनो थाना पहुंचे तथा दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर वापस गांव ले आये. प्रबुद्धजनों ने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी कीमत पर गांव की शांति भंग नहीं होने देंगे. उन्होंने निर्णय लिया है कि गांव में ही बैठक कर आपसी रंजिश को शांत कर लिया जायेगा और किसी प्रकार का मुकदमा दर्ज नहीं कराया जायेगा, क्योंकि आज तक इस गांव में कभी कोई मतभेद या शांति भंग होने की घटना नहीं हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *