गुमला

गुमला : बाइक पार्किंग को लेकर खूनी झड़प: पिस्टल लहराकर जानलेवा हमला, पुलिस ने दर्ज की FIR, देखें Video

गुमला शहर के पालकोट रोड में बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. एक व्यक्ति ने कुछ युवकों पर पिस्टल दिखाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार उर्मी डुमरडीह निवासी संदीप बखला (35) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि सात अगस्त 2026 को सुबह करीब 10 से 11 बजे वह पालकोट रोड में अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी कर कुछ सामान खरीदने गया था.

इसी दौरान जेएच-01-2048 नंबर की काली चार पहिया गाड़ी वहां पहुंची. गाड़ी में सवार लोगों ने बाइक हटाने को कहा. आवेदन के मुताबिक, संदीप बाइक हटाने लगा. इसी दौरान वाहन सवार लोगों के साथ उसका विवाद हो गया. आरोप है कि गाड़ी से उतरे बांगे गोप और विक्रम गोप उर्फ प्रेम गोप ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. संदीप का आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों में से एक ने पिस्टल निकालकर उसे दिखाया और धमकाया.

मारपीट के दौरान वह सड़क पर गिर गया. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसके दोस्तों के पहुंचने के बाद भी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद उसके सिर पर जोरदार प्रहार किया गया, जिससे वह बेहोश हो गया. उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला ले जाया गया. संदीप ने पुलिस को यह भी बताया है कि बाद में विक्रम के माता-पिता द्वारा भी उसकी पत्नी के सामने जान से मारने की धमकी दी गयी. आवेदन में उसने आरोपियों से अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. अब पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े आरोपों की सत्यता के साथ-साथ पिस्टल दिखाने और मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *