बाइक खड़ा करने के विवाद में मारपीट, युवती का सिर फटा व आंख हुआ जख्मी
गुमला शहर के तेलगांव मोहल्ले में बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. घटना में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गयी. जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां से उसकी स्थिति देख डॉक्टरों ने बेहतर इलाज हेतु रांची रिम्स रेफर कर दिया. इधर मामले को लेकर पीड़िता की बहन सरस्वती कुमारी ने थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. आवेदन के अनुसार बुधवार की रात करीब 8:30 बजे उसके भाई ने घर के बगल स्थित गली में बाइक खड़ी की थी. इसी बात को लेकर पड़ोस की एक महिला घर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगी.
आरोप है कि कुछ देर बाद वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आयी और सरस्वती कुमारी के पिता शिवनाथ साहू के साथ मारपीट करने लगी. मारपीट के दौरान सरस्वती की बहन आशा कुमारी बीच-बचाव करने पहुंची. आरोप है कि इसी दौरान दो लोगों ने उसे पकड़ लिया. जबकि एक महिला ने लोहे के पाइप से उसके सिर पर वार कर दिया. इससे उसका सिर फट गया. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावर महिला ने आशा कुमारी की बाईं आंख के ऊपरी हिस्से को दांत से काटकर घायल कर दिया. घटना के बाद आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया. घायल आशा कुमारी को इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसका उपचार जारी है. पुलिस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी है.
