बज़्मे रब्बानी ट्रस्ट ने शरबत, आइसक्रीम, फल का किया वितरण
गुमला में मुहर्रम पर बज़्मे रब्बानी ट्रस्ट द्वारा विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों का आयोजन किया गया. ट्रस्ट द्वारा 7वीं, 8वीं और 9वीं मुहर्रम को श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों के बीच शरबत, आइसक्रीम, फल का वितरण किया गया. ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि 7वीं मुहर्रम को बाजारटांड़ स्थित मखदूमे रब्बानिया प्याऊ में सबीले इमाम हुसैन के तहत श्रद्धालुओं के बीच शाही शरबत का वितरण किया गया. वहीं 8वीं मुहर्रम को आइसक्रीम, शरबत और लंगर बांटकर लोगों की सेवा की गयी. इसके अलावा 9वीं मुहर्रम को सदर अस्पताल पहुंचकर मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच फलों का किट वितरित किया गया. साथ ही मखदूमे रब्बानिया प्याऊ के समीप शाही लंगर का आयोजन कर बड़ी संख्या में लोगों को भोजन कराया गया.
बज़्मे रब्बानी ट्रस्ट के निदेशक आफताब अंजुम ने कहा कि मुहर्रम केवल शोक और श्रद्धा का पर्व नहीं, बल्कि इंसानियत, त्याग और सेवा का भी संदेश देता है. हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानी हमें मानवता की भलाई, जरूरतमंदों की मदद और समाज में भाईचारे को बढ़ावा देने की प्रेरणा देती है. इसी उद्देश्य से ट्रस्ट द्वारा हर वर्ष सेवा कार्यों का आयोजन किया जाता है, ताकि लोगों तक इंसानियत और मोहब्बत का पैगाम पहुंच सके. कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के सदर पप्पू रब्बानी, सचिव आमिर रब्बानी, हसन अली रब्बानी, तहसीन रब्बानी, अख्लाक रब्बानी, रागीब रब्बानी, शादाब रब्बानी, इम्तियाज रब्बानी, बबलू रब्बानी, अप्पू रब्बानी, असगर रब्बानी, उबैद रब्बानी, सैफ रब्बानी, अयाज रब्बानी सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही.
