गुमला

लूरु गांव के नाले से 39 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
चैनपुर के कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत लूरु गांव के समीप एक नाले से मंगलवार शाम करीब 7 बजे पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया. मृतक की पहचान 39 वर्षीय नीरज कुमार गौतम, पिता अनिल गौतम के रूप में हुई है. नीरज कुमार मूल रूप से मध्य प्रदेश के नौगांव थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और वर्तमान में गुमला थाना क्षेत्र के छोटा लोरो में रह रहे थे.

जानकारी के अनुसार नीरज कुमार गौतम मुख्यमंत्री उज्ज्वला झारखंड योजना के तहत लेपारसी इंफ्रा लिमिटेड में इंजीनियर के पद पर कर्यरत थे. इसी सिलसिले में मंगलवार को वे बाइक से गुमला से कुरुमगढ़ क्षेत्र के लूरु गांव पहुंचे थे. काम समाप्त करने के बाद शाम को वापस लौटने के दौरान उन्होंने लूरु गांव के समीप सड़क किनारे अपनी बाइक खड़ी की.

बताया जा रहा है कि संभवतः शौच के लिए वह सड़क किनारे स्थित नाले में उतरे होंगे. इसी दौरान नाले में गिरने से उनकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है.

काफी देर तक सड़क किनारे एक बाइक खड़ी देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान नाले में एक व्यक्ति का शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद किया. मौके से पुलिस ने बाइक के अलावा एक बैग भी बरामद किया.

बैग की तलाशी के दौरान मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान नीरज कुमार गौतम के रूप में की और उनके परिजनों को घटना की सूचना दी.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेजा गया. फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *