महिलाओं को निर्वस्त्र करने, जातिसूचक गाली-गलौज देने को लेकर थाने में शिकायत
गुमला के लटठा बरटोली गांव में भारत माला रोड के निर्माण को लेकर चले रहे विवाद गहरा गया है. सोमवार को गांव में घटी घटना के बाद मामले में महिलाओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार और जातिसूचक गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए एसटी-एससी थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गयी है. कोलपारा मौजा के ग्राम प्रधान टिपरु भगत ने एसटी-एससी थाना में आवेदन देकर शिवालया कंस्ट्रक्शन कंपनी के लाइजिंग मैनेजर दिगंबर सिंह और उनके सहयोगियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में कहा गया है कि गांव के किसानों द्वारा अपनी जमीन पर धान की बुआई की गयी थी और फसल की सुरक्षा के लिए खेतों में घेराबंदी भी की गयी थी. आरोप है कि 11 मई 2026 को लगभग 11 बजे कंपनी के लाइजिंग मैनेजर दिगंबर सिंह अपने कर्मचारियों और मशीन चालकों के साथ वहां पहुंचे और खेतों में जबरन सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया.
ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान खेतों में लगी धान की फसल को रौंद दिया गया. जब महिला जमीन मालिकों और ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो उनके साथ धक्का-मुक्की, अभद्र व्यवहार, निर्वस्त्र करने की कोशिश और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया. आवेदन में बुधनी टाना भगत, सुमित्रा उरांव, बिरसो मिंज, फूलो टाना भगत, काजल उरांव समेत कई महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किये जाने का उल्लेख किया गया है. आरोप है कि विरोध करने पर महिलाओं को अपमानित करते हुए धमकाया गया और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया. घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. ग्राम प्रधान टिपरु भगत ने एसटी-एससी थाना से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करने, किसानों की फसल नुकसान का मुआवजा दिलाने तथा महिलाओं को न्याय दिलाने की मांग की है. आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
भारत माला परियोजना में बवाल, कंपनी मैनेजर ने प्राथमिकी हेतु थाना में दिया आवेदन
गुमला प्रखंड के लटठा बरटोली गांव में भारत माला सड़क निर्माण परियोजना के तहत बन सड़क निर्माण में विवाद और मारपीट की घटना के बाद शिवालया इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के मैनेजर (लाइजेनिंग) दिगंबर सिंह ने गुमला थाना में आवेदन देकर कई ग्रामीणों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. अपने दिये गये आवेदन में दिगंबर सिंह ने बताया कि वह ग्राम पोड़ी पोस्ट लोदाम का निवासी हैं और भारतमाला परियोजना के अंतर्गत झारखंड बॉर्डर से गुमला-भरनो सड़क निर्माण कार्य में कार्यरत हैं.
उन्होंने कहा कि 11 मई 2026 को ग्राम घटगांव बरटोली में मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में दखल-दिहानी का कार्य चल रहा था. इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और कार्य कर रहे लोगों को घेर लिया. आवेदन के अनुसार संजय टोप्पो, पुजरा उरांव, बिरसाई टोप्पो, बिरसो देवी, जितेंद्र कुमार, राजेश टोप्पो, बेटका भगत, लगनु टाना भगत, विनोद टाना भगत, संजय टाना भगत सहित अन्य लोगों ने कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी.
बीच-बचाव करने पहुंचे दिगंबर सिंह पर भी हमला किये जाने, कपड़े फाड़ने तथा दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है. दिगंबर सिंह ने थाना प्रभारी से मामले में नामजद एवं अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है. ताकि परियोजना का कार्य सुचारू रूप से चल सके. आवेदन मिलते ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
