गुमला

रथ मेला जाने की खुशी मातम में बदली, हादसे में युवक की मौत

रथ मेला देखने जा रहे तीन युवकों की बाइक शनिवार की दोपहर दुलकी नदी के समीप मोड़ पर एक टेंपो से टकरा गयी. हादसे में 18 वर्षीय राजेश सिंह निवासी चुगलू घाघरा की मौत हो गयी. जबकि उसके दो साथी घायल हो गये. घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की बतायी गयी. जानकारी के अनुसार राजेश सिंह अपने दो साथियों 17 वर्षीय दीपू लकड़ा तथा लोहरदगा निवासी एक अन्य युवक के साथ मोटरसाइकिल से घाघरा के पुटो में लगने वाले रथ मेला देखने जा रहा था. उनकी बाइक चुगलू से पुटो की ओर जा रही थी.

इसी दौरान घाघरा से अरंगी की ओर जा रहा एक टेंपो दुलकी नदी के समीप मोड़ पर बाइक से सट गया. टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने के क्रम में राजेश सिंह की मौत हो गयी. वहीं, दीपू लकड़ा और लोहरदगा निवासी दूसरे युवक को मामूली चोटें आयी. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी. इधर शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजेश सिंह का शव परिजनों को सौंप दिया गया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *