गुमला

अंजुमन का कार्यकाल समाप्त, नाजिम-ए-आला ने एसडीओ से की हस्तक्षेप की मांग

अंजुमन इस्लामिया गुमला के नाजिम-ए-आला मो खलील अशरफी ने अनुमंडल पदाधिकारी गुमला को आवेदन सौंपकर अंजुमन के आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से कराने की मांग की है. साथ ही उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न होने और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका भी जतायी है. आवेदन में कहा गया है कि अंजुमन इस्लामिया गुमला का पिछला आम चुनाव 19 जुलाई 2021 को संपन्न हुआ था. जिसमें नाजिम-ए-आला, सदर और सचिव पद का निर्वाचन हुआ था. निर्वाचित पदाधिकारियों को चुनाव प्रभारी के साथ-साथ जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त तत्कालीन जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं मजिस्ट्रेट गुलाम समदानी के हस्ताक्षर से निर्वाचन प्रमाण पत्र जारी किया गया था.

मो खलील अशरफी ने बताया कि 18 जुलाई 2026 को अंजुमन इस्लामिया की वर्तमान कार्यकारिणी समिति (मजलिस-ए-आमला) का कार्यकाल समाप्त हो गया है. इसके साथ ही कार्यकारिणी समिति को भंग कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि नये सत्र के चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने के लिए 22 जुलाई को पंचायतों के सदर एवं सचिवों के साथ बैठक प्रस्तावित है. जबकि 24 जुलाई को अंजुमन इस्लामिया चुनाव समिति का गठन किया जायेगा. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कार्यकाल समाप्त होने के बाद वर्तमान पदाधिकारी पद में बने हुए हैं. अपने को अगले पांच वर्षों तक पद पर बने रहने की घोषणा कर रहे हैं. इससे मुस्लिम समुदाय में रोष व्याप्त होने का दावा किया गया है.

मो खलील अशरफी ने आशंका व्यक्त की है कि चुनाव समिति के गठन एवं आगामी चुनाव प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने की योजना है. जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है. उन्होंने एसडीओ से मामले में हस्तक्षेप कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *