गुमला

चैनपुर के भटौली गांव की घटना: रात में पाइप चोरी कर भाग रहे थे चोर, पुलिस ने दबोचा

चैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर पंचायत के भटौली गांव में नल-जल योजना के तहत लगाए गए बहुमूल्य पाइपों को चुराने का एक बड़ा प्रयास ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की मुस्तैदी से पूरी तरह विफल हो गया. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के पाइप लदे एक ट्रक और उसके चालक को धर दबोचा है जिससे क्षेत्र में चोरी की योजना बना रहे अपराधियों में हड़कंप मच गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात जब चैनपुर थाना क्षेत्र के भटौली गांव में नल-जल योजना के तहत रखे गए पानी सप्लाई के 59 प्लास्टिक पाइपों को कुछ अज्ञात चोरों द्वारा एक ट्रक में लादकर चुपचाप वहां से भागने का प्रयास किया जा रहा था. इसी दौरान योजनाबद्ध तरीके से हो रही इस चोरी की भनक वहां के स्थानीय ग्रामीणों को लग गई.

ग्रामीणों ने बिना एक पल गंवाए सूझबूझ का परिचय दिया और फौरन डायल 112 पर कॉल करके चैनपुर पुलिस को इस पूरी घटना की गुप्त सूचना दी. सूचना मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ बिना देर किए फौरन मौके पर जा पहुंचे. पुलिस वाहन को अपनी ओर आते देख ट्रक चालक घबरा गया और वाहन को लेकर तेजी से भागने की कोशिश करने लगा. लेकिन पुलिस टीम ने भी पेशेवर अंदाज में पीछा करते हुए मांझाटोली के समीप उस ट्रक JH09BK5422 को घेर लिया और चालक को दबोच लिया.

इसके बाद पुलिस ने पाइप से लदे उस ट्रक और चालक को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित थाना पहुंचा दिया. घटना के संबंध में नल-जल योजना के संवेदक की ओर से चैनपुर थाना में लिखित आवेदन दिया गया है जिसके आधार पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया है.

इस मामले की जानकारी देते हुए हुए थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और इस संगठित चोरी में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी तेजी से की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वारदात में संलिप्त बाकी अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *