गुमला

डायन-बिसाही के शक में महिला पर तीसरी बार हमला, बेरहमी से पीटा, गर्दन काटने की भी कोशिश

गुमला में अंधविश्वास और डायन-बिसाही के आरोप ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया. डायन होने का आरोप लगाकर 40 वर्षीय लछी देवी को बेरहमी से पीटा गया. उसकी पसलियां टूट गईं और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आयी हैं. आरोप है कि धारदार हथियार से गर्दन काटकर जान लेने की कोशिश की गयी. घायल महिला सदर अस्पताल में भर्ती है और हालत इतनी गंभीर है कि वह बेड से उठ भी नहीं पा रही है. घटना सदर थाना क्षेत्र के बांकीर लिटिया टोली की है.

महिला के पति खुयु उरांव ने गांव के गुबरु उरांव, उसके बेटे सिको उरांव सहित अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है. परिजनों के अनुसार, गांव में करम नाचकर परिवार घर लौटा था. रात करीब 12 बजे बाबड़े उरांव पेट दर्द ठीक करने के बहाने लछी को बुलाकर ले गया. बताया गया कि गुबरु उरांव के बेटे अमित के पेट में दर्द था. लछी झाड़-फूंक करने लगी, इसी दौरान अमित को दांत लग गया.

इसके बाद आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने लछी की बेरहमी से पिटाई कर दी और गर्दन काटने का प्रयास किया. पति के अनुसार, लछी पर पहले भी दो बार हमला हो चुका है. आठ माह पूर्व विवाह समारोह में मारपीट के बाद पंचायत में गुबरु ने माफी मांगी थी. बुधवार को पति और दोनों बेटों रंजीत व दिलीप ने सदर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *