जारी में हथियारबंद अपराधियों ने पिकअप चालक को अगवा कर मांगी 60 हजार की फिरौती, लूटपाट के बाद छोड़ा
(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
जारी (चैनपुर) : जारी थाना क्षेत्र के भीखमपुर और जारी गांव के बीच शुक्रवार की रात हथियारबंद अपराधियों ने एक पिकअप चालक को अगवा कर लिया. छह हथियारबंद अपराधियों ने काली स्कॉर्पियो से सड़क पर पिकअप को रोककर चालक सुशील उरांव को हथियार के बल पर जंगल में ले गए. वहां करीब आधे घंटे तक उसे बंधक बनाकर रखा और पिकअप मालिक से फोन पर बात कर 60 हजार रुपये की फिरौती मांगी.
पीड़ित चालक सुशील उरांव ने चैनपुर पहुंचने के बाद घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह छत्तीसगढ़ से आलू लेकर लोहरदगा जा रहा था. इसी दौरान शुक्रवार की रात करीब 8:30 बजे भीखमपुर और जारी गांव के बीच जंगल के पास एक काली स्कॉर्पियो सड़क पर खड़ी कर अपराधियों ने उसका रास्ता रोक लिया.
इसके बाद छह अपराधियों ने हथियार दिखाकर चालक को अपने कब्जे में ले लिया और उसकी आंखों पर पट्टी बांधकर जंगल की ओर ले गए. वहां अपराधियों ने उससे मोटी रकम की मांग की. चालक द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर अपराधियों ने पिकअप मालिक से बात कराने को कहा. इसके बाद चालक ने अपराधियों के मोबाइल से पिकअप मालिक से बात कराई, जिसमें 60 हजार रुपये की मांग की गई.
बताया जाता है कि बाद में अगली बार पैसे देने की बात होने पर अपराधियों ने चालक के पास मौजूद कुछ नकदी लूट ली और उसे छोड़ दिया. घटना के बाद डरा-सहमा चालक किसी तरह चैनपुर पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी दी. इस घटना से जारी थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों और जंगल के रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों में दहशत का माहौल है.
