गुमला

Gumla : अमलिया स्कूल पर आठवीं बार हाथी ने किया हमला

Gumla : गुमला जिला के भरनो प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल है. ताज़ा मामले में बीते रात हाथियों के एक झुंड ने राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय आमलिया को अपना निशाना बनाया. जंगली हाथियों ने सबसे पहले स्कूल की बाउंड्री वॉल को ढ़ाह दिया और परिसर के भीतर घुसकर मिड-डे मील के किचन रूम के दरवाजे को पैर मारकर तोड़ डाला. हाथी कमरे के भीतर रखे लगभग एक क्विंटल चावल चट कर गये. इतना ही नहीं, हाथियों ने स्कूल की कड़ी मेहनत से तैयार की गयी फुलवारी और किचन गार्डन को भी बुरी तरह रौंद कर तहस-नहस कर दिया.

विद्यालय के प्रधानाचार्य नकुल सरकार ने दर्द बयां करते हुए बताया कि पिछले तीन वर्षों के भीतर स्कूल पर जंगली हाथियों का यह आठवां हमला है. उन्होंने कहा कि जब भी हाथियों का झुंड आता है, स्कूल के भवन, खिड़की, दरवाजे और बाउंड्री को भारी नुकसान पहुंचाता है. कितनी बार उन्होंने निजी कोष से स्कूल की मरम्मत करायी है. प्रधानाचार्य ने विभाग पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले सात हमलों की लिखित सूचना देने के बावजूद अब तक वन विभाग की ओर से कोई मुआवजा नहीं मिला है. उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि वर्तमान क्षति का उचित आकलन कर जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाये और स्कूल की सुरक्षा के लिये कोई ठोस व्यवस्था की जाये ताकि भविष्य में बच्चों की पढ़ायी और सरकारी संपत्ति को बचाया जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *