गुमला

गुमला में दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट, तोड़फोड़ और चेन छीनने का आरोप

गुमला शहर के पंजाबी गली-टावर चौक क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है. एक पक्ष ने दुकान में तोड़फोड़, रंगदारी मांगने और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर दोनों पक्षों ने गुमला थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पहले पक्ष का आरोप

पहले पक्ष के जसवंत सिंह, निवासी पंजाबी गली, ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि 21 सितंबर की सुबह अमित गुप्ता उर्फ स्वीटी शराब के नशे में उनके दुकान के सामने आया और गाली-गलौज करने लगा. शाम करीब पांच बजे अमित कथित तौर पर दुकान में पहुंचा और उनके बेटे अनिकेत सिंह उर्फ मन्नू के साथ गाली-गलौज करते हुए दुकान का सामान बाहर फेंकने लगा. इसी दौरान अमित के पिता मौके पर पहुंचे और उसे समझाकर ले गए. जसवंत का आरोप है कि रात करीब नौ बजे अमित गुप्ता, उसका भाई गोल्डेन और मनोज गुप्ता दुकान के पास पहुंचे और शटर पर पत्थर मारने लगे. आरोप है कि तीनों ने एक लाख रुपये रंगदारी की मांग करते हुए दुकानदारी बंद कराने की धमकी दी. इसी दौरान अमित गुप्ता ने लोहे के रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गए. बेटे ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया. सूचना पर पहुंची पुलिस अमित को अपने साथ ले गई. जसवंत ने अपने आवेदन में घटना के दौरान आरोपियों के शराब के नशे में होने की बात भी कही है.

दूसरे पक्ष का आरोप

वहीं दूसरे पक्ष की सोनम कुमारी, पत्नी अमित कुमार गुप्ता, ने प्राथमिकी में जसवंत सिंह उर्फ गुगी सरदार और उनके बेटे मोनू पर आरोप लगाया है. सोनम के अनुसार उनके घर के सामने स्थित गेट के पास जसवंत और उनके पुत्र द्वारा कथित तौर पर कचरा व प्लास्टिक फेंककर जलाया जाता था, जिससे गेट क्षतिग्रस्त और काला हो गया था. 21 सितंबर को इसी बात को लेकर विवाद हुआ. सोनम का आरोप है कि शाम और रात में जसवंत और उनके बेटे ने उनके तथा पति के साथ गाली-गलौज की. रात करीब 8:30 बजे दोनों कथित तौर पर हाथ में रॉड लेकर पहुंचे और उनके पति अमित कुमार गुप्ता पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बहा. आरोप है कि शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट आई. पति को बचाने पहुंचने पर सोनम, उनकी जेठानी और जेठ के साथ धक्का-मुक्की की गई तथा सोनम के गले से सोने की चेन छीनने का आरोप भी लगाया गया. पुलिस के पहुंचने पर आरोपी पक्ष के लोग वहां से चले गए और पुलिस ने घायल अमित को सदर अस्पताल पहुंचाया. दोनों पक्षों ने घटना में एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. पुलिस द्वारा दोनों प्राथमिकी के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *