बोले कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा- बूथ स्तर पर पार्टी की मजबूती बड़ी ताकत
गुमला के चैनपुर प्रखंड में रविवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रशिक्षण सह बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) पहचान पत्र वितरण कार्यक्रम हुआ. मुख्य रूप से लोकसभा सह प्रभारी विजय खां उपस्थित रहे. उन्होंने बीएलए की भूमिका और मतदाता सूची के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया. वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है. जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा, मुख्य प्रशिक्षक अनिरुद्ध चौबे, प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद खलखो, प्रखंड प्रभारी अरुण पांडे, अल्बर्ट तिग्गा, रघुनंदन प्रसाद, जय सिंह, रूपेश कुमार, मंडल अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, बीएलए सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.
राजनील तिग्गा ने कहा कि बूथ स्तर पर पार्टी की मजबूती ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है. बीएलए केवल एक पद नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. आप सभी को यह सुनिश्चित करना है कि आपके क्षेत्र का एक भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से न छूटे और किसी भी कांग्रेस समर्थक मतदाता का नाम सूची से न कटे. हम सभी को घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करना होगा. नये मतदाताओं का नाम जुड़वाना होगा तथा जिन मतदाताओं के नाम किसी कारणवश छूट गये हैं. उन्हें पुनः जोड़ने की प्रक्रिया में सहयोग करना होगा. कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है. हमारा लक्ष्य है कि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे. संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाकर ही हम जनता की आवाज को और अधिक प्रभावी ढंग से उठा सकते हैं.
